जशपुर में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन, 200 से अधिक युवाओं ने ली लोकतांत्रिक शपथ

1
3
जशपुर में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन, 200 से अधिक युवाओं ने ली लोकतांत्रिक शपथ

रायपुर, 03 नवम्बर 2026 : जशपुर जिले में युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मंगलवार को शासकीय रा.भ.रा. एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, जशपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनी भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और युवाओं से संवाद कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

यह कार्यक्रम 26 अक्टूबर से 5 नवम्बर 2026 तक देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद अभियान का हिस्सा है।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाना, उन्हें लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं से परिचित कराना तथा देश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण: विधायक रायमुनी भगत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक और जिम्मेदार होना आवश्यक है। युवाओं को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने तथा किसी भी जानकारी की सत्यता परखने के बाद ही उस पर विश्वास करने का आग्रह किया।

विधायक भगत ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है। युवाओं को चुनाव के दौरान अपने विवेक और सही जानकारी के आधार पर मतदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और समसामयिक विषयों पर युवाओं ने रखे विचार

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों के बीच आयोजित संवाद सत्र रहा। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत एवं समाजसेवी दीपक गुप्ता ने युवाओं के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया और नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

विद्यार्थियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से जुड़े सवालों, इस पर उठ रही आपत्तियों, श्एक राष्ट्र, एक चुनावश् की अवधारणा तथा देश में एक साथ चुनाव कराने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए।

संवाद सत्र के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के विभिन्न पहलुओं को समझने और अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय सहभागिता ने लोकतांत्रिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति उनकी रुचि को प्रदर्शित किया।

200 से अधिक युवाओं ने ली लोकतांत्रिक शपथ

कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों ने लोकतांत्रिक शपथ लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। युवाओं ने जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सहभागिता करने तथा राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।

विकसित भारत युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को केवल लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय भागीदार बनाना भी है।

विकसित भारत@2047 की परिकल्पना को साकार करने के लिए युवाओं की रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करना इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

कार्यक्रम में युवा आइकॉन सूर्यकांत चंद्र, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, समाजसेवी दीपक गुप्ता, मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी संकेत मित्तल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में युवा नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एन.ई.एस. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने आभार व्यक्त किया।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here