जगदलपुर, 21 अप्रैल 2026 : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा आगामी 26 अप्रैल को आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारियां जिले में अंतिम चरण पर हैं। इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जगदलपुर में कुल 46 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 12,136 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। हालांकि यह परीक्षा प्रदेश के चुनिंदा 16 जिलों में आयोजित की जा रही है, लेकिन इसमें सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा की समय-सारणी के अनुसार यह लिखित परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक संचालित होगी। सुरक्षा और सत्यापन की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा, ताकि उनकी सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) और फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से मिलान किया जा सके।
इसे भी पढ़ें :-रिहायशी मकान से महाराष्ट्र निर्मित ‘संत्री’ शराब बरामद…आरोपी पर प्रकरण दर्ज
समय की पाबंदी को लेकर निर्देश अत्यंत सख्त हैंय परीक्षा केंद्रों का मुख्य द्वार ठीक सुबह 9.30 बजे बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद पहुंचने वाले किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए परीक्षा से एक दिन पहले अपने आबंटित केंद्र का अवलोकन अवश्य कर लें।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष ड्रेस कोड भी लागू किया गया है, जिसके तहत परीक्षार्थियों को केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और फुटवियर में चप्पल पहनकर आने की हिदायत दी गई है। काले, गहरे नीले, जामुनी, मैरून या गहरे चॉकलेटी जैसे रंगों के कपड़े पहनकर आने पर पाबंदी रहेगी। साथ ही परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, पर्स, बेल्ट, टोपी और यहां तक कि कान के आभूषण ले जाना भी पूर्णतः वर्जित है।
जो अभ्यर्थी किसी धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक में आएंगे, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच के उपरांत ही अनुमति दी जाएगी, जिसके लिए उन्हें सामान्य समय से पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। अनुचित साधनों का उपयोग करने पर अभ्यर्थी की पात्रता तत्काल समाप्त कर कठोर कार्रवाई की जाएगी, अतः परीक्षार्थी केवल अपने साथ नीले या काले बॉल पॉइंट पेन ही लेकर आएं।








