जगदलपुर 14 अगस्त 2026 : एकीकृत बाल विकास परियोजना तोकापाल के परियोजना अधिकारी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है। इसके तहत ग्राम पंचायत परपा के परपा केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के एक पद तथा ग्राम पंचायत बुरुंगपाल के गुर्राम केंद्र में आंगनबाड़ी सहायिका के एक पद पर योग्य महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक और पात्र आवेदिकाएं आगामी 31 अगस्त 2026 तक विभागीय ई-भर्ती पोर्टल https://aww.e-bharti.in/ के माध्यम से अपने जरूरी दस्तावेज अपलोड कर ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकती हैं। नियत तिथि के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें :-जगदलपुर : प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग 16 अगस्त से
यह पद पूर्णतः अशासकीय एवं मानसेवी श्रेणी के हैं, जिनके लिए शासन के नियमानुसार प्रतिमाह निश्चित मानदेय प्रदान किया जाएगा। इन पदों के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी, जिनकी आयु सीमा विज्ञापन जारी होने की तिथि को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 44 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि सेवा की अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष तय है।
पूर्व में कार्य का अनुभव रखने वाली कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार 3 वर्ष तक की छूट दी जाएगी। इसके साथ ही आवेदिका का उसी संबंधित ग्राम का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है, जिसके प्रमाण के रूप में अद्यतन मतदाता सूची, सरपंच-सचिव का संयुक्त प्रमाण पत्र अथवा पटवारी प्रतिवेदन मान्य होगा।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए न्यूनतम 12वीं (या पूर्ववर्ती 11वीं बोर्ड) उत्तीर्ण होना आवश्यक है, हालांकि निर्धारित योग्यता वाली आवेदिका न मिलने की स्थिति में नियमों के तहत 10वीं, 8वीं, 5वीं अथवा सक्षम स्वीकृति से साक्षर महिला के चयन का शिथिलीकरण प्रावधान लागू रहेगा। वहीं आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए न्यूनतम 8वीं बोर्ड उत्तीर्ण होना अनिवार्य रखा गया है।
चयन प्रक्रिया के दौरान गरीबी रेखा परिवार, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग, विभागीय कन्या आश्रम की पूर्व छात्राओं तथा विधवा, परित्यक्ता व तलाकशुदा महिलाओं को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर अतिरिक्त अंकों व प्राथमिकता का लाभ भी दिया जाएगा। इच्छुक महिलाओं से समय-सीमा के भीतर अपने आवेदन ऑनलाइन दर्ज कराने की अपील की गई है।








