बाईपास के अभाव में फिर बुझ गए चिराग : पेंड्रा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को रौंदा, पिता-पुत्र की मौत..

0
3
बाईपास के अभाव में फिर बुझ गए चिराग : पेंड्रा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को रौंदा, पिता-पुत्र की मौत..

संवाददाता: सुमित जालान

गौरेला पेंड्रा मरवाही : जिले के पेंड्रा नगर में बुधवार को तड़के सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार की महिला सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा राय पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर उस समय हुआ, जब कोयले से भरे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में कुडकई गांव निवासी तेरस भरिया और उनके पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रेलर का पीछा कर शिशु मंदिर के पास उसे रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी।

बाईपास नहीं होने से बढ़ रहे हादसे..

पेंड्रा नगर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयला, सीमेंट और अन्य भारी मालवाहक वाहन शहर के बीचों-बीच से गुजरते हैं। नगर में बाईपास सड़क नहीं होने के कारण भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार ट्रेलरों और भारी वाहनों की आवाजाही के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है।

नगरवासियों का कहना है कि लंबे समय से पेंड्रा के लिए बाईपास सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों का मानना है कि यदि बाईपास का निर्माण हो जाता, तो भारी वाहनों को शहर के भीतर से नहीं गुजरना पड़ता और इस तरह की कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here