रायपुर, 18 मई 2026 : प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बिलासपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवनाथ नदी से अवैध खनन में लगी तीन चैन माउंटेन मशीनें जब्त की हैं। केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय जांच दल की संयुक्त टीम ने मध्यरात्रि को औचक निरीक्षण कर यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मशीन ऑपरेटर मौके से फरार हो गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में अवैध खनन पर सख्ती बढ़ा दी गई है। खनिज विभाग का मैदानी अमला लगातार खनन क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है और अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की टीम ने बिलासपुर जिले की पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम उदईबंध और अमलडीहा क्षेत्र में शिवनाथ नदी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अवैध रेत उत्खनन के मामले में संलिप्त तीन चैन माउंटेन मशीनें मौके पर मिली। खनिज विभाग ने ग्राम उदईबंध में दो तथा अमलडीहा में एक मशीन को जब्त कर सील कर दिया।








