नारायणपुर : डिजिटल क्रॉप सर्वे को मिली गति, तीन गांवों में निरीक्षण के बाद कार्य में तेजी

0
4
नारायणपुर : डिजिटल क्रॉप सर्वे को मिली गति, तीन गांवों में निरीक्षण के बाद कार्य में तेजी

नारायणपुर, 26 अगस्त 2026 : कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में आज प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख डी.के. कोशले ने तहसील नारायणपुर के पटवारी हल्का नंबर 05 अंतर्गत ग्राम करलखा, पातुरबेड़ा एवं दुग्गाबेंगाल पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डी.के. कोशले ने सर्वे कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अमले से अब तक किए गए कार्य की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सर्वे कार्य में आ रही तकनीकी समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली।

पटवारी की आईडी में तकनीकी समस्या के कारण डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य प्रभावित हो रहा था। समस्या के समाधान के लिए अन्य पटवारी की आईडी तैयार कराकर सर्वे कार्य प्रारंभ कराया गया है।

प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख ने संबंधित सर्वेयरों एवं अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आगामी एक सप्ताह के भीतर सर्वे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि जिले में मैन्युअल गिरदावरी के स्थान पर डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसलों एवं कृषि भूमि से संबंधित जानकारी का डिजिटल रूप से संकलन किया जा रहा है। इसके लिए जिलेभर में सर्वे कार्य को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूर्ण करने के लिए सतत निगरानी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here