संवाददाता:- सुमित जालान
गौरेला पेंड्रा मरवाही : छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सिराजुद्दीन कुरैशी के मार्गदर्शन में शनिवार 14 मार्च 2026 को व्यवहार न्यायालय पेंड्रारोड में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल के न्यायालय में सिविल निष्पादन के 17, विद्युत के 3 तथा क्रिमिनल अपील के 3 प्रकरणों सहित कुल 13 प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण किया गया। वहीं द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एकता अग्रवाल के न्यायालय में क्रिमिनल के 3, मोटर दुर्घटना दावा के 1 तथा निष्पादन के 1 प्रकरण सहित कुल 5 प्रकरणों का निराकरण किया गया।
इसे भी पढ़ें :-केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय की वीसी में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री अरूण साव
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महेश बाबू साहू के न्यायालय में सिविल प्रीलिटिगेशन से संबंधित 642 तथा क्रिमिनल के 589 प्रकरणों सहित कुल 1231 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसी प्रकार न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी कुमारी सीमा जगदला के न्यायालय में बैंक रिकवरी से जुड़े 453, जलकर के 101, निष्पादन के 75 तथा क्रिमिनल के 964 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस प्रकार नेशनल लोक अदालत के माध्यम से व्यवहार न्यायालय पेंड्रारोड में कुल 2213 प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण किया गया, जिससे बड़ी संख्या में पक्षकार लाभान्वित हुए।
लोक अदालत के दौरान न्यायाधीशों व अधिवक्ताओं द्वारा उपस्थित पक्षकारों को NALSA (जागृति) स्कीम 2025 के तहत विधिक जागरूकता की जानकारी भी दी गई। साथ ही जिला स्वास्थ्य समिति गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा न्यायालय परिसर में रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिवक्ता शैलेन्द्र चतुर्वेदी, दीपक सोनी, मनीष कुमार नामदेव, रितेश गुप्ता, कुमारी शीतला तिवारी, पुष्पेन्द्र वैश्य और संतोष साहू सहित कई अधिवक्ताओं ने रक्तदान कर समाज के प्रति सराहनीय योगदान दिया।
कार्यक्रम में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एकता अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महेश बाबू साहू, न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी सीमा जगदला सहित न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता एवं पैरालीगल वालिंटियर्स उपस्थित रहे।








