अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक ने किया जहर का सेवन, हालत स्थिर, जांच के आदेश

0
32
अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक ने किया जहर का सेवन, हालत स्थिर, जांच के आदेश

रायपुर, 19 जून 2026 : बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल तहसील के ग्राम सिनोधा में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर चालक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। प्रशासन ने तत्काल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार वह अब खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी ने निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर थाना कसडोल के सुपुर्द किया। कार्रवाई से क्षुब्ध होकर ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। सूचना मिलते ही प्रशासन ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

इस मामले की जांच के लिए कलेक्टर ने एसडीएम कसडोल आर.आर. दुबे के नेतृत्व में जांच टीम गठित की है। टीम को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम आर.आर. दुबे ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई थी। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर चालक ने नायब तहसीलदार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में नायब तहसीलदार से स्पष्टीकरण मांगा गया, जिसमें उन्होंने आरोपों को निराधार बताया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here