नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2025 पेश करेंगी। यह मंत्री का लगातार आठवां बजट होगा और मोदी 3.0 सरकार का दूसरा फुल बजट होगा।
बजट सेशन 31 जनवरी, 2025 को शुरू हो गया है, जिसमें वित्त मंत्री संसद के समक्ष आर्थिक सर्वे पेश कर चुकी हैं। यह सर्वे मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) द्वारा तैयार किया जाता है और इसे चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था का रिपोर्ट कार्ड माना जाता है। इस बीच आज बजट सुबह 11 बजे संसद में पेश किया जाएगा। आइए जानते हैं कि बजट के दिन वित्त मंत्री का कार्यक्रम क्या रहेगा।
ये रहा पूरा शेड्यूल
वित्त मंत्री सुबह 8:30 बजे अपने आवास से नॉर्थ ब्लॉक जाएंगी। फिर वह बजट टीम के साथ राष्ट्रपति भवन पहुंचेंगी और राष्ट्रपति को बजट की एक कॉपी पेश करेंगी।
राष्ट्रपति से बजट को मंजूरी मिलने के बाद सीतारमण फिर से मंत्रालय वापस आएंगी। फिर नॉर्थ ब्लॉक के गेट नंबर 2 पर सुबह 9 बजे फोटोशूट होगा।
वित्त मंत्री और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सुबह 10 बजे बजट के साथ संसद में एंट्री करेंगे। यहां फिर से फोटोशूट किया जाएगा।
इसके बाद वित्त मंत्री सुबह 10:15 बजे से 10:30 बजे तक संसद भवन परिसर में पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट के साथ मीटिंग करेंगी, जिसमें बजट के लिए कैबिनेट की मंजूरी पर चर्चा होगी।
कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद सीतारमण सुबह 11 बजे लोकसभा में बजट पेश करेंगी।
3 बजे होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
लोकसभा में आम बजट 2024-25 पेश करने की प्रक्रिया पूरी होने के एक घंटे बाद राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी। बजट पेश करने के बाद वित्त मंत्री दोपहर 3 बजे राष्ट्रीय मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। कॉन्फ्रेंस में वित्त राज्य मंत्री, वित्त सचिव, वित्त मंत्रालय के सचिव और भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार भी शामिल होंगे।