Varanasi : PM मोदी रोड शो के बाद काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से की पूजा

0
264
Varanasi : PM मोदी रोड शो के बाद काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से की पूजा

Varanasi : सोमवार की शाम बीएचयू परिसर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंका स्थित मालवीय चौराहा पहुंचे तो माहौल भगवामय हो उठा। महामना पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा का माल्यार्पण कर प्रधानमंत्री ने चौतरफा उमड़े जनसमूह का हाथ जोड़ कर अभिवादन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रोड शो की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री के रोड शो के मद्देनजर सुबह से ही लंका-गोदौलिया मार्ग पर उत्सव सरीखा माहौल था। चिलचिलाती धूप भी भाजपा समर्थकों के उत्साह के आगे आड़े नहीं आ रही थी।

नरेंद्र मोदी के रोड शो में पूरी काशी भगवामय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में पूरी काशी भगवामय रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं केसरिया रंग का कुर्ता पहने रहे तो उनके बगल में योगी आदित्यनाथ भगवा कपड़े में दिखे। केसरिया वाहन पर दोनों नेता सवार रहे तो पीले गेंदे की माला इसमें चार चांद लगा रही थी।

पूरे रास्ते जहां महिलाएं भगवा रंग में रहीं तो केसरिया साफा, टोपी और केसरिया गमछा डाले लोग भी काशी की सड़कों पर दिखा। जहां तक नजर गई, सड़कें भगवा और भाजपा के झंडे से सजी दिखीं। भगवा गुब्बारा और भगवा कपड़ों से रास्ते अलग ही अनुभूति का आनंद करा रहे थे। मोदी भी गले में गमछा डाल काशी की स्टाइल में दिखे।

इसे भी पढ़ें :-नवीन पटनायक की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त, जनता परिवर्तन के मूड में : BJP

रास्ते भर की गई भव्य सजावट यह अहसास करा रही थी कि काशीवासी तीसरी बार लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन करने आए प्रधानमंत्री को लेकर खासे आतुर हैं। प्रधानमंत्री का रोड शो लंका से बढ़ा तो उन पर जगह-जगह पुष्पवर्षा करने के साथ ही भीड़ में शामिल लोग हर-हर महादेव का उद्घोष कर रहे थे।

लंका से विश्वनाथ धाम तक प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए 100 ज्यादा मंच पर मौजूद लोग मंगलाचरण, भक्ति गीतों और लोक नृत्यों के साथ ही शंख, शहनाई और डमरू बजा कर प्रधानमंत्री का स्वागत कर रहे थे।

वाराणसी में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जयपुर से बनारस पहुंचे सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने अस्सी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी और सीएम योगी ने गोपाल शर्मा का अभिवादन स्वीकार किया।

प्रधानमंत्री का रोड शो काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर समाप्त हुआ। यहां सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में उन्होंने पूजन-अर्चन कर बाबा का आशीर्वाद लिया। पूजन के उपरांत प्रधानमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को नंदी की प्रतिमा भेंट की। इस अवसर पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here