सुपोषण किट से सशक्त मातृत्व: सुशासन तिहार में बढ़ा महिलाओं का भरोसा

0
35
सुपोषण किट से सशक्त मातृत्व: सुशासन तिहार में बढ़ा महिलाओं का भरोसा

रायपुर, 11 मई 2026 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार 2026 प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। जनसमस्या निवारण शिविर अब केवल समस्याओं के निराकरण तक सीमित नहीं रहकर हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित करने का प्रभावी मंच बन गए हैं।

इसी कड़ी में राज्यभर के विभिन्न जिलों में आयोजित शिविरों में गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सुपोषण किट प्रदान की जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को संतुलित पोषण उपलब्ध कराना, सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ शिशु के जन्म को सुनिश्चित करना है।

राजनांदगांव जिले के ग्राम अर्जुनी में आयोजित शिविर में गर्भवती महिला तारामती जांगड़े को सुपोषण किट प्रदान की गई। इस किट में पौष्टिक आहार से संबंधित आवश्यक सामग्री शामिल है, जो गर्भावस्था के दौरान मां और शिशु के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। साथ ही, शिविर में स्वास्थ्य जांच, पोषण परामर्श एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

इसे भी पढ़ें :-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रावीण्य सूची के मेधावी विद्यार्थियों से की आत्मीय चर्चा

हितग्राही महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार की सहायता से उन्हें गर्भावस्था के दौरान पोषण संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग मिल रहा है। नियमित स्वास्थ्य जांच और समय-समय पर मार्गदर्शन मिलने से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

महिलाओं ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुपोषण किट और जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद मिल रही है, जिससे मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर हो रहा है।

प्रदेश में सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित इन शिविरों ने ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों की महिलाओं तक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं पहुंचाकर एक सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। यह पहल न केवल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here