अम्बिकापुर 14 नवम्बर 2026 : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम अंबिकापुर ने शहर के सभी प्रमुख तालाबों एवं छठ घाटों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। महापौर मती मंजूषा भगत के मार्गदर्शन एवं निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर निगम की स्वच्छता टीम ने सुबह से ही शहर के 9 प्रमुख घाटों में सफाई कार्य शुरू कर दिया।
अभियान के तहत महामाया तालाब, शिवधारी तालाब, बिशुनपुर तालाब, शंकर घाट, पैलेस घाट, जेल तालाब, मरीन ड्राइव, गांधीनगर तालाब एवं संत हरकेवल तालाब में युद्धस्तर पर सफाई एवं कचरा उठाव का कार्य किया गया।
घाटों से हटाया गया टनों कचरा
अभियान के दौरान तालाबों के किनारों पर जमा प्लास्टिक, पॉलीथीन, पूजा सामग्री का बचा कचरा, घास-फूस एवं गंदगी को हटाकर कचरे का उठाव किया गया। घाटों की सीढ़ियों की धुलाई की गई, तालाबों के आसपास झाड़ियों की कटाई की गई और सफाई के बाद चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव भी किया गया।
नगर निगम द्वारा छठ पूजा स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हो रही पूरी तैयारी
निगम अधिकारियों ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु अस्ताचलगामी एवं उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए विभिन्न घाटों पर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सभी घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, अस्थाई शौचालय, चेंजिंग रूम एवं कचरा पात्र की व्यवस्था भी की जा रही है।
घाटों पर किसी भी प्रकार की गंदगी न फैले, इसके लिए निगम द्वारा अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। छठ के दौरान भी नियमित रूप से सफाई कराई जाएगी। साथ ही तालाबों में पानी की शुद्धता एवं सुरक्षा को लेकर भी निगम सजग है।
निगम की अपील – घाटों को रखें स्वच्छ
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे छठ घाटों एवं तालाबों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। प्लास्टिक एवं पॉलीथीन का उपयोग न करें, पूजा सामग्री को तालाब में न डालें और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
महापौर मती मंजूषा भगत ने कहा कि छठ महापर्व आस्था का पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा, सुरक्षित और सुंदर घाट मिले, ताकि वे श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।








