महासमुंद : नगर पंचायत पिथौरा में नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान के आबंटन हेतु 2 जून तक आवेदन आमंत्रित

0
25
महासमुंद : नगर पंचायत पिथौरा में नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान के आबंटन हेतु 2 जून तक आवेदन आमंत्रित

महासमुंद 20 मई 2026 : अनुविभाग पिथौरा अंतर्गत नगर पंचायत पिथौरा में छत्तीसगढ़ शासन खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देश तथा छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के तहत नवीन शासकीय उचित मूल्य दुकान के आबंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पिथौरा ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में सामान्यतः 500 राशन कार्ड पर एक उचित मूल्य दुकान संचालित किए जाने का प्रावधान है। इसी के तहत शासकीय उचित मूल्य दुकान पिथौरा शहरी दुकान क्रमांक-1 (दुकान आईडी 581003001) का युक्तियुक्तकरण एवं विभाजन किया जाना प्रस्तावित है।

नगर पंचायत पिथौरा द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार नई उचित मूल्य दुकान के लिए वार्ड क्रमांक 06 स्थित सामुदायिक भवन को चयनित किया गया है। जिसमें वार्ड क्रमांक 05, 06, 07 एवं 08 के कुल 608 राशन कार्ड शामिल किए जाएंगे।

नवीन दुकान के आबंटन हेतु विकासखंड में संचालित वृहत्ताकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियां, प्राथमिक कृषि साख समितियां, वन सुरक्षा समितियां, महिला स्व-सहायता समूह, नगर पंचायत तथा अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इच्छुक संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 02 जून 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय पिथौरा में कार्यालयीन समय पर जमा किए जा सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here