रायपुर, 10 मई 2026 : छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 11 मई 2026 को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष” विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, सनातन आस्था और ऐतिहासिक चेतना को समर्पित रहेगा।
जशपुर जिले में यह विशेष कार्यक्रम कुनकुरी विकासखंड स्थित मधेश्वर महादेव पर्वत, मयाली नेचर कैम्प में आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे से होगा। इस अवसर पर ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रोहित व्यास ने कार्यक्रम के सफल एवं गरिमामय आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुनकुरी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा जनपद पंचायत कुनकुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुनकुरी को सौंपी गई है। लोक निर्माण विभाग को टेंट, बैरिकेडिंग, साउंड सिस्टम, माइक एवं एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एनआईसी जशपुर द्वारा इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि नगर सेना द्वारा अग्निशमन व्यवस्था की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को चिकित्सा दल एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था, उद्यानिकी विभाग को पुष्प सज्जा, खाद्य विभाग को अतिथियों के लिए स्वल्पाहार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को कार्यक्रम स्थल की आकर्षक साज-सज्जा की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत एवं अन्य विभागों को अतिथियों की बैठक व्यवस्था सहित आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयपूर्व पूर्ण की जाएं, ताकि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं यादगार रूप से संपन्न हो सके।








